चंडीगढ़ , मई 20 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि स्वतंत्रता संग्राम और देश रक्षा में अहिरवाल क्षेत्र के वीरों के योगदान को सम्मान देने के लिए नारनौल के नसीबपुर में भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया जाएगा। श्री सैनी ने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को अहिरवाल के शहीदों के बलिदान से परिचित कराएगा।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में प्रस्तावित स्मारक को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को डिजाइन, अवधारणा और निर्माण कार्य संबंधी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 42 कनाल 10 मरला भूमि पर बनने वाले इस स्मारक में 500 से 600 लोगों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, लाइट एंड साउंड शो, छह दीर्घाएं, सभागार, प्रशासनिक ब्लॉक और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि स्मारक परिसर में स्थित तालाब का जीर्णोद्धार कर उसे आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा तथा पानी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए अलग सीटीपी स्थापित की जाएगी। परिसर में विशाल राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाएगा ताकि आगंतुकों में देशभक्ति की भावना जागृत हो सके। मुख्यमंत्री ने हरियाली और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
श्री सैनी ने कहा कि अहिरवाल की धरती हमेशा देशभक्ति और वीरता का केंद्र रही है। इस क्षेत्र के सैनिकों ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की रक्षा के लिए लड़ी गई हर लड़ाई में अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्मारक में उन सभी शहीदों के नाम अंकित किए जाएंगे जिन्होंने राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित