घनौर , अगस्त 20 -- यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं घनौर हलका प्रभारी सरबजीत सिंह झिंजर ने गुरुवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर पंजाब में नशे की समस्या को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि नशे से हो रही मौतों को रोकने में सरकार की कथित नाकामी उन लोगों के साथ विश्वासघात है, जिन्होंने बदलाव की उम्मीद में आप को सत्ता सौंपी थी। उनके अनुसार मौजूदा शासन में पंजाब की स्थिति और खराब हुई है।

श्री झिंजर ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और पंजाब पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान नहीं किये जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ठेका कर्मचारियों को नियमित करने का वादा कर सत्ता में आयी आप सरकार अब अपने वादे पूरे करने की मांग कर रहे कर्मचारियों पर लाठीचार्ज कर रही है।

श्री झिंजर ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) सदस्य जसमेर सिंह लाछड़ू के साथ घनौर हलके के विभिन्न गांवों में बैठकें कर 30 अगस्त को घनौर दाना मंडी में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) द्वारा आयोजित की जाने वाली 'पंजाब बचाओ रैली' के लिए लोगों को लामबंद किया। इस दौरान घग्गर सराय, भूरी माजरा, अली माजरा, नौशहरा, मुगल सराय, राजगढ़, रामनगर सैनियां, तेपला, महमदपुर, बासमां, बासमां कॉलोनी, लुहंड, नंदगढ़, खेड़ी गुरना, मोही कलां, बीपुर और जखेपल सहित कई गांवों में बैठकें आयोजित की गयीं।

बैठकों को संबोधित करते हुए श्री लाछड़ू ने कहा कि श्री झिंजर के नेतृत्व में होने वाली यह रैली पंजाब के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य के लोग आम आदमी पार्टी (आप) सरकार से परेशान हैं और आगामी चुनाव में उसे सत्ता से बाहर करने का मन बना चुके हैं। उन्होंने बताया कि रैली को शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे और लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की।

श्री लाछड़ू ने कहा कि घनौर हलके के लोगों की ओर से पंजाब बचाओ रैली को अच्छा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वह और श्री झिंजर आने वाले दिनों में भी गांव-गांव जाकर अधिक से अधिक लोगों को रैली में शामिल होने के लिए लामबंद करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित