चंडीगढ़ , अक्टूबर 19 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पंजाब दौरा नशे से प्रभावित परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।
उन्होंने बताया कि श्री शाह अपने दौरे के दौरान मानसा में परमिंदर सिंह झोटा, संगरूर जिले के तूर बंजारा गांव में गुलजार सिंह और गुरदासपुर जिले के माड़ी पन्नवां गांव में बिक्रमजीत सिंह के परिवारों से मुलाकात करेंगे।
श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या और इसे लेकर लोगों की बढ़ती चिंता के बीच गृह मंत्री का दौरा महत्वपूर्ण है। इससे प्रभावित परिवारों की बात गंभीरता से सुने जाने और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में प्रयास होने की उम्मीद जगी है। उन्होंने इस पहल के लिए श्री शाह का आभार जताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने परमिंदर सिंह झोटा के पिता सरदार भीम सिंह फौजी का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने गृह मंत्री पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग और नशे से प्रभावित परिवार नशा तस्करी के खिलाफ ठोस कार्रवाई और पीड़ितों के लिए न्याय चाहते हैं।
उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पंजाब नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और लोग न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं, तब मुख्यमंत्री भगवंत मान की विदेश यात्राएं सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को केवल बयान देने के बजाय जमीनी स्तर पर परिणाम देने वाली सरकार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री शाह पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके अनुसार, पंजाब से नशे का खात्मा करने के लिए 31 दिसंबर 2029 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए तस्करी नेटवर्क को तोड़ना, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना और नशे की लत से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस दिशा में प्रयास जारी रखेगी और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित