अमरोहा , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक ओर कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं सोमवार रात शराब के नशे में धुत होकर, सिपाही ने दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-09 पर जमकर उत्पात मचाया। रफ्तार के इस कहर के बीच कार का एक टायर निकल जाने के बावजूद आरोपी सिपाही सिर्फ रिम के सहारे हाईवे पर काफी दूर तक गाड़ी दौड़ाता रहा। इस दौरान कार की चपेट में आकर दो लोग घायल हो गए, जबकि कई अन्य वाहन बाल-बाल बच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पीछा कर टोल प्लाजा के पास कार को घेर लिया और सिपाही की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सिपाही को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि डिडौली निवासी अमित कुमार सोमवार रात करीब 11 बजे अपने परिवार के साथ जोया से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बागपत जिले के बिजरोल गांव निवासी सिपाही संजीव तोमर अपनी कार लेकर वहां पहुंच गया। अत्यधिक नशे में होने के कारण सिपाही कार से नियंत्रण खो बैठा, जिसकी चपेट में आकर अमित कुमार और एक अन्य राहगीर घायल हो गए। इस टक्कर के दौरान अनियंत्रित कार जगह-जगह टकराती रही, जिससे उसका एक टायर पूरी तरह फटकर बाहर निकल गया। इसके बावजूद आरोपी सिपाही ने गाड़ी नहीं रोकी और नेशनल हाईवे-09 पर केवल रिम के सहारे ही उसे अंधाधुंध दौड़ाता रहा। जिसके चलते हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचे।
सिपाही का पीछा कर रहे ग्रामीणों ने जोया टोल प्लाजा के निकट घेराबंदी कर कार को रोक लिया। गाड़ी रुकते ही लोगों ने सिपाही को बाहर खींचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने किसी तरह सिपाही को भीड़ से छुड़ाया और उसे हिरासत में ले लिया।
यह गंभीर घटना ऐसे समय सामने आई है जब श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर अमरोहा समेत पूरे मंडल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार बैठकें चल रही हैं। एडीजी जोन बरेली, डीआईजी मुरादाबाद ने अमरोहा पहुंच कर कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कांवड़ यात्रा को लेकर लगातार समीक्षा कर रहे हैं। यात्रा के मद्देनजर बदायूं-बिल्सी-बिजनौर स्टेट हाईवे-51 से लेकर दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-09 तक रूट तक के डायवर्जन लागू कर भारी वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी जाती है। ऐसे संवेदनशील समय में जब सुरक्षा प्रबंध अंतिम चरण में हैं, उत्तर प्रदेश पुलिस के ही एक कर्मी द्वारा नशे में धुत होकर नेशनल हाईवे पर इस तरह हंगामा खड़ा करना पुलिस महकमे के अनुशासन और कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सिपाही के खिलाफ नियमानुसार सख्त विधिक व विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित