राजनांदगांव/मोहला-मानपुर , जून 26 -- छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार को नशे में धुत ट्रक चालक ने सड़क किनारे खड़ी एक नाबालिग बालिका को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंडरदेही में ट्रक चालक देवेंद्र सिंह ने कथित रूप से लापरवाही एवं नशे की हालत में वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी पूनम खवाश (11), पिता राजेश खवाश को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में बच्ची की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना मिलते ही अंबागढ़ चौकी पुलिस ने राजीव गांधी चौक पर बैरिकेडिंग कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़कर तेज रफ्तार से मोहला-मानपुर की ओर भाग गया। इसके बाद अंबागढ़ चौकी, मोहला, मानपुर और पानाबरस क्षेत्र की पुलिस को सतर्क किया गया।

साप्ताहिक बाजार के कारण हाईवे पर भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पीछा करने के साथ-साथ मार्ग को खाली कराया। लगभग दो घंटे तक चले अभियान के बाद अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी अश्वनी राठौर, मोहला थाना प्रभारी संदीप टोप्पो तथा मानपुर थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने कोहका-कोरकोट्टी गांव के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया गया।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुंडरदेही में चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई। इसके पश्चात बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित