सिरसा , जून 11 -- हरियाणा के सिरसा में नशामुक्त बनाने की दिशा में राज्यव्यापी अभियान 'नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम' का आगाज गुरुवार को हुआ। यह अभियान प्रदेशभर में 11 से 26 जून तक चलाया जाएगा।
इस अभियान की शुरुआत अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) संजय कुमार ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम से की और कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान केवल पुलिस या प्रशासन का नहीं, बल्कि पूरे समाज की सांझी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पूरे हरियाणा में चलने वाले इस विशेष अभियान का समापन 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस पर फरीदाबाद में होगा।
इस अवसर पर हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पुलिस उप महानिरीक्षक मनबीर सिंह, हिसार रेंज के महानिरीक्षक कुलदीप सिंह, सिरसा उपायुक्त शांतनु शर्मा, सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, डबवाली पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एडीजीपी कुमार ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल कानून लागू करने का विषय नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा 11 जून से 26 जून तक विशेष नशामुक्त हरियाणा जागरूकता पखवाड़ा चलाया जा रहा है, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, परिवार की खुशियां और राष्ट्र की प्रगति को प्रभावित करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित