मोहाली , अगस्त 09 -- पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेल एवं फिटनेस से जोड़ने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब यूथ विंग ने रविवार को 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' मुहिम के तहत मोहाली में 5.5 किलोमीटर लंबी 'पंजाब यूथ रन 2026' का आयोजन किया। इसमें हजारों युवाओं, खिलाड़ियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन की शुरुआत गुरुद्वारा श्री अंब साहिब से हुई। प्रतिभागियों को टी-शर्ट और भागीदारी पदक प्रदान किए गए, जबकि विजेताओं को 11 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए गए।

आप पंजाब यूथ विंग के अध्यक्ष एवं विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने कहा कि मैराथन में राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में युवाओं और अन्य लोगों की भागीदारी ने साबित किया है कि राज्य के लोग स्वस्थ, खुशहाल और नशामुक्त पंजाब देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब और उसके लोगों के लिए एक सकारात्मक पहल है। यूथ विंग की ओर से अमृतसर, पटियाला, बठिंडा और लुधियाना में भी इसी तरह की मैराथन आयोजित की जाएगी, ताकि फिटनेस, खेल और नशामुक्त पंजाब का संदेश राज्य के हर हिस्से तक पहुंचाया जा सके।

आप सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने यूथ विंग की टीम और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को खेल के मैदानों से जोड़ना और फिटनेस को बढ़ावा देना नशे के खिलाफ लड़ाई में सबसे महत्वपूर्ण कदमों में से एक है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने खेल विभाग का कार्यभार संभाला था, उस समय पंजाब का खेल बजट करीब 150 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 1,800 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी सरकार की खेलों और युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

श्री हेयर ने प्रतिभागियों से अपील की कि मैराथन को केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित न रखें, बल्कि पैदल चलने, दौड़ने और व्यायाम को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत पंजाब और स्वस्थ भारत के लिए स्वस्थ समाज बेहद जरूरी है। आप सांसद मालविंदर सिंह कंग ने भी मैराथन में शामिल हजारों प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिटनेस और शारीरिक गतिविधियां हर व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होनी चाहिए।

श्री कंग ने कहा कि युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली की ओर आकर्षित करने वाली ऐसी पहलें मजबूत और नशामुक्त पंजाब के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने यूथ विंग के नेतृत्व, आयोजकों और प्रतिभागियों को उनके उत्साहपूर्ण योगदान के लिए बधाई दी।

आप नेताओं ने कहा कि खेल, फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पंजाब को नशामुक्त बनाने के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित