जयपुर , अक्टूबर 22 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंची नशे के खिलाफ लड़ाई और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने गुरुवार को यहां झंडी दिखाकर अजमेर के लिए रवाना किया।

श्री शर्मा ने ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल से इस रैली को रवाना किया जिसमें सीआरपीएफ, बीएसएफ, एनआईए, आरपीएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनएसजी और एसएसबी सहित विभिन्न बलों के राइडर्स शामिल हैं और यह रैली 23 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ होते हुए उदयपुर और 24 अक्टूबर को उदयपुर से गांधीनगर की ओर प्रस्थान करेगी। यह रैली बुधवार शाम को जयपुर के आमेर फोर्ट पहुंची थी।

उल्लेखनीय है कि 'फाइट अगेंस्ट ड्रग्स' थीम पर यह रैली बुधवार को नई दिल्ली से रवाना हुई जो सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत निकाली जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित