चंडीगढ़ , मई 29 -- पंजाब के चंडीगढ और पंचकूला में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जाट सभा द्वारा 31 मई को यहां जाट भवन में राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। जिसमें राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि होंगे।

जाट सभा के अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ महेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सेमिनार में श्री कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद एवं देश के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन करेंगे।

सेमिनार में उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश मदन लोकुर, असम के पूर्व पुलिस महानिदेशक के.सी रेड्डी, लेफ्टिनेंट जनरल सुखदीप सिंह सांगवान, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल डी.पी. सिंह, पूर्व डीजीपी डॉ के.पी. सिंह, डॉ एच.के. बाली, केन्द्र सरकार के संयुक्त सचिव डॉ अमरप्रीत दुग्गल, सीनियर ड्रग कंट्रोलर सारिका मलिक तथा पंजाब यूनिवर्सिटी के समाजशास्त्र विभाग के चेयरपर्सन प्रो. विनोद कुमार मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।

इसके अलावा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के महानिदेशक अनुराग गर्ग, चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ सागर प्रीत हुड्डा और सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी जी.एस. मल्ही पैनलिस्ट के रूप में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित