आगर-मालवा , अप्रैल 28 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा में नशे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ भारतीय किसान संघ (मालवा प्रांत) की मातृशक्ति ने मंगलवार को रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

मातृशक्ति की महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर जिला मुख्यालय पर रैली निकाली तथा कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। इसके बाद कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव को तथा पुलिस अधीक्षक के नाम सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों का अवैध विक्रय तेजी से बढ़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर नाबालिग विद्यार्थियों और युवाओं पर पड़ रहा है, जिससे उनका शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

मातृशक्ति ने आरोप लगाया कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से टूट रहे हैं तथा अपराध की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने इस स्थिति को गंभीर सामाजिक और कानूनी समस्या बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में विभिन्न कानूनों का उल्लेख करते हुए प्रशासन से मांग की गई कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष अभियान चलाकर अवैध विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, लाइसेंस उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कदम उठाए जाएं तथा पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।

साथ ही नशा विरोधी जागरूकता अभियान और शिकायत तंत्र विकसित करने की भी मांग की गई। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव और सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा ने इस पहल की सराहना करते हुए नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित