पौड़ी , जून 26 -- अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस एवं "नशामुक्त भारत पखवाड़ा" के समापन अवसर पर शुक्रवार को उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल पुलिस ने जिले भर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर नशे के विरुद्ध सामाजिक चेतना का संदेश दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं, छात्रों, महिलाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।

"से यस टू लाइफ, नो टू ड्रग्स" थीम के तहत 12 से 26 जून तक संचालित अभियान के अंतिम दिन कोटद्वार, सतपुली, रिखणीखाल, पैठाणी और थलीसैंण थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। युवाओं से शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया।

इस दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्रहित में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस टीमों ने भारत सरकार की नेशनल टोल फ्री डी-एडिक्शन हेल्पलाइन 14446 की जानकारी भी साझा करते हुए नशे की लत से जूझ रहे लोगों को समय पर परामर्श एवं उपचार लेने के लिए प्रेरित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित