फिल्लौर (जालंधर) , सितंबर 11 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने शुक्रवार को कहा कि 'युद्ध नशियां विरुद्ध' अभियान पंजाब में नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई साबित हुआ है और 551 दिनों के अभियान के दौरान 76,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब पुलिस अकादमी, फिल्लौर में प्रदेश भर से पहुंचे अभियान के 500 से अधिक सदस्यों को संबोधित करते हुए श्री अरोड़ा ने कहा कि अभियान के जरिए नशा तस्करी के नेटवर्क की कमर तोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। उन्होंने पूरी टीम को इस उल्लेखनीय कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल और तस्करों को संरक्षण देने वाले लोग अब सख्त कार्रवाई के डर से पीछे हट रहे हैं।
श्री अरोड़ा ने कहा कि अभियान अब अंतिम चरण में प्रवेश कर रहा है। अगले एक महीने में 500 से अधिक सदस्य प्रत्येक गांव और वार्ड में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे, नशे के खिलाफ अभियान की प्रगति साझा करेंगे और जमीनी स्तर पर जनभागीदारी बढ़ायेंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यापक जनसंपर्क अभियान नशे के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित