बरनाला (तपा मंडी) , सितंबर 24 -- वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा नेता एच.एस. फूलका ने बृहस्पतिवार को पंजाब में नशे के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय पीड़ित परिवारों को पुलिस के माध्यम से परेशान किया जा रहा है।
भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के चौथे दिन तपा मंडी में एक सभा को संबोधित करते हुए फूलका ने कहा कि जिस तरह 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा, उसी तरह अब नशा तस्करों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का समय आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले पीड़ित परिवारों को कथित तौर पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपने गांवों को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, यात्रा संयोजक दयाल सिंह सोढ़ी, चरनजीत बराड़ सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। भदौड़, तपा मंडी, बरनाला, कर्मगढ़ और शेरपुर (महल कलां) में भी सभाएं आयोजित की गयीं।
यात्रा के संयोजक दयाल सिंह सोढ़ी ने कहा कि नशे की समस्या पंजाब के सबसे संवेदनशील मुद्दों में से एक है और युवाओं की जान जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने पंजाब को नशामुक्त बनाने की जिम्मेदारी उठायी है। उन्होंने कहा कि यात्रा को राजनीतिक अभियान नहीं बताया जा रहा और इसमें अन्य दलों को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
भाजपा नेता चरनजीत बराड़ ने कहा कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और आप को मौका देने के बाद अब लोगों को भाजपा को अवसर देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने के दो वर्ष के भीतर पंजाब में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाये जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित