जालंधर , सितंबर 28 -- पंजाब में नशे से प्रभावित परिवारों ने सोमवार को आपबीती सुनाते हुए कहा कि नशे ने उनके परिवारों को बर्बाद कर दिया है। कई परिवारों ने अपने बच्चों को खोने, आर्थिक तबाही और उपचार की मुश्किलों का दर्द साझा किया।

भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के तहत प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी ने नशे से प्रभावित परिवारों की आपबीती मीडिया के सामने रखी। श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि नशे पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे से प्रभावित युवाओं के पुनर्वास और उनके परिवारों की मदद पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर दो साल में नशे की समस्या खत्म करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने नशा, भ्रष्टाचार, गिरोहबाजी, कानून-व्यवस्था, उद्योग और रोजगार को पंजाब के प्रमुख मुद्दे बताया।

इस दौरान सत्य देवी, पुष्पा, देबो, ज्ञान कौर और शमा सहित अन्य महिलाओं ने भी अपने परिवारों पर नशे के प्रभाव की आपबीती सुनाई और नशे की बिक्री पर रोक तथा प्रभावित युवाओं के उपचार की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित