हरिद्वार , अक्टूबर, 23 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में युवाओं को नशे के जाल से बचाने और साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाने के लिए जागरूकता को प्रभावी हथियार बताते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही सफल हो सकती है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उत्तराखंड पुलिस की ओर से धनौरी स्थित हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज में शुक्रवार को साइबर क्राइम एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए एडीजी डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि नशे की लत का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार इसकी पीड़ा झेलता है। ऐसे में युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान का सक्रिय हिस्सा बनना होगा, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से बचाया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने छात्र-छात्राओं से नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं, जिससे उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गांवों और आसपास के क्षेत्रों में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।
कार्यशाला के दौरान एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए नशे के दुष्प्रभाव, उसकी रोकथाम और सामाजिक जागरूकता में युवाओं की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जवाब दिए। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की प्रतिभा, जागरूकता और विषय की समझ से प्रभावित होकर एडीजी ने उनकी सराहना की तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में आगे बढ़कर भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में देहरादून से पहुंची साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से लघु फिल्मों और चित्रों के जरिए विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। टीम ने ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सावधानी बरतने की अपील की।
साइबर क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित