नई दिल्ली/चंडीगढ़ , अक्टूबर 14 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में नशा तस्करी और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नशे पर अंकुश लगाने में विफल रही है और राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। बुधवार को नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री ढिल्लों ने दावा किया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद लोग आप नेताओं को गांवों में प्रवेश नहीं करने देंगे। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह भी मौजूद थे।

तरनतारन जिले के खालड़ा सीमावर्ती क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी के पास से 15 किलोग्राम हेरोइन बरामद होने की घटना का उल्लेख करते हुए श्री ढिल्लों ने सरकार के नशा विरोधी अभियान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले ही यदि नशा तस्करी में शामिल पाए जाएं तो पंजाब के युवाओं को कौन बचाएगा?श्री ढिल्लों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बरामदगी ने सरकार के दावों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने नशा खत्म करने के कई वादे किए थे, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग भी की। उन्होंने राज्य में हत्या और पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमलों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई।

श्री ढिल्लों ने पंजाब पर बढ़ते कर्ज, भ्रष्टाचार के कारण उद्योगों के राज्य से बाहर जाने, सरकारी कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते और किसानों की समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से स्वेच्छा से पद छोड़ने की मांग करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर जनता उन्हें सत्ता से हटा देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित