अंबिकापुर , जून 16 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन" के तहत आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लाख रुपये मूल्य के नशीले इंजेक्शन के साथ एक सप्लायर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि 15 जून को गिरफ्तार किए गए आरोपी वाहिद अंसारी के कब्जे से 200 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए थे। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने यह इंजेक्शन अंबिकापुर के इमलीपारा क्षेत्र स्थित शमशुदोहा हॉस्पिटल के सामने दुकान संचालित करने वाले मोशीम अंसारी से खरीदे थे।
आरोपी के बयान के आधार पर उसी दिन दोपहर में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में मोशीम अंसारी की दुकान पर छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान काउंटर के नीचे रखे एक सफेद झोले से 200 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 200 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए। जब्त नशीले इंजेक्शनों का बाजार मूल्य लगभग चार लाख रुपये बताया गया है।
आबकारी विभाग ने मोशीम अंसारी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 22(सी) एवं 29 के तहत गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश (नारकोटिक्स) की अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित