कांकेर , अप्रैल 03 -- त्तीसगढ़ के कांकेर जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "उजियारा अभियान" के तहत कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली प्रतिबंधित सिरप के अवैध कारोबार में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक मेडिकल संचालक भी शामिल है, जिसकी दुकान को सील कर दिया गया है।
एसपी निखिल अशोक कुमार राखेचा से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी धमतरी से नशीली सिरप लाकर कांकेर शहर में अवैध रूप से बिक्री कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नशीली सिरप, प्रतिबंधित टैबलेट और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस को 01 अप्रैल को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति नया गोविंदपुर ग्राउंड क्षेत्र में नशीली सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देश पर टीम गठित कर थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। इस दौरान हर्ष कदम (27) निवासी गोविंदपुर और आकाश कुमार गजभिये (33) निवासी उदयनगर को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी में उनके पास से नशीली सिरप और मोबाइल फोन बरामद हुए।दोनों आरोपियों से पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने धमतरी स्थित सुश्रुता फार्मेसी में छापा मारा। यहां मेडिकल संचालक मनीष सिंह राठौर (36) को बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित सिरप बेचते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से भी सिरप और मोबाइल जब्त किया गया। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर और कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल दुकान को सील कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित