रायपुर , सितंबर 14 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की आपूर्ति के मामले की जांच में उत्तर प्रदेश कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस ने जौनपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ऋषभ सोनकर (23) न्यू कॉलोनी हुसैन बाग, थाना लाइन बाजार, जिला जौनपुर का रहने वाला है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। डीडी नगर थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ उसके मोबाइल की जांच कर नशीली दवाओं की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

इस मामले की शुरुआत गत 27 जुलाई को हुई थी, जब एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रायपुरा स्थित गढ़ही तालाब के पास कार्रवाई की थी। पुलिस ने मौके से छन्नू वर्मा (21) और राहुल देव सारवा (20) को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के कब्जे से 52 नग कोडिस्टार एंड एनएफ सिरप और 75 नग स्पास्मो एंड प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल जब्त किए गए थे। इस संबंध में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नशीली दवाओं की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि प्रतिबंधित नशीली दवाएं उन्हें जौनपुर निवासी ऋषभ सोनकर से मिली थीं।

इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दबिश देकर ऋषभ सोनकर को गिरफ्तार किया। पुलिस अब उससे यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह नशीली दवाएं कहां से हासिल करता था और रायपुर में किन लोगों तक इसकी सप्लाई पहुंचाता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के मोबाइल फोन की जांच और पूछताछ के आधार पर सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित