चंडीगढ़ , अक्टूबर 15 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने बृहस्पतिवार को बताया कि राज्य की भगवंत मान सरकार नशे के खिलाफ अपने अभियान 'युद्ध नशों विरुद्ध' को और तेज करने के लिए शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक करेगी।
श्री पन्नू ने बताया कि बैठक में पंजाब के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त, पुलिस उपाधीक्षक और उपमंडल मजिस्ट्रेट शामिल होंगे। बैठक में अभियान की अब तक की प्रगति की समीक्षा करने के साथ पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय मजबूत करने तथा आगे की रणनीति तैयार करने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हाल ही में फिल्लौर में सभी थाना प्रभारियों (एसएचओ) के साथ बैठक की थी। इसी पहल के तहत अब राज्यभर के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है। उनके अनुसार, पहली बार इन सभी पदों के अधिकारी एक मंच पर एकत्र होकर नशे के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पिछले करीब डेढ़ साल से नशे के खिलाफ अभियान चला रही है और अब इसे और तेज किया जाएगा। अभियान में नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा नतीजों पर विशेष जोर रहेगाश्री पन्नू ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दवाओं के दुरुपयोग पर भी सख्ती की जाएगी और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस तथा प्रशासन की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था की कमजोरियों को दूर कर कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित