नयी दिल्ली , जून 24 -- नशा मुक्ति, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार को नयी दिल्ली से उत्तर प्रदेश में अयोध्या के लिए 'ग्रीन मैराथन ऑन व्हील्स' यात्रा रवाना हुई। इससे पहले इसमें शामिल प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।

एशियन मैराथन स्वर्ण पदक विजेता डॉ. सुनीता गोदारा द्वारा स्थापित हेल्थ फिटनेस ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस यात्रा को आज यहां स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर युवाओं, फिटनेस प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण के समर्थकों ने एक स्वस्थ, हरित और नशामुक्त भारत के समर्थन में सहभागिता की। ट्रस्ट की ओर से यह पहल केंद्र सरकार के प्रमुख कार्यक्रम 'नशा मुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत संचालित की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं, आम नागरिकों और कॉलेज विद्यार्थियों को जोड़ते हुए उन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के क्यूआर कोड प्लेटफॉर्म के माध्यम से 'नशा मुक्ति मित्र' बनने के लिए प्रेरित करना है। दिल्ली से अयोध्या तक की यह यात्रा ग्रीन मैराथन ऑन व्हील्स अभियान का पहला चरण है, जिसे आगे देशभर में विभिन्न राज्यों और समुदायों तक विस्तार दिया जाएगा, ताकि फिटनेस, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और नशामुक्त जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित