चंडीगढ़ , जुलाई 25 -- हरियाणा में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
इस कड़ी में केन्द्र सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत अभियान के तहत विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण और प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 27 जुलाई निर्धारित की गयी है। पन्द्रह से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा नृत्य, गायन, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद, रील निर्माण, नारा लेखन और कविता लेखन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं।
प्रवक्ता ने पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण के राष्ट्रीय अभियान में योगदान देने का आह्वान किया। जिला स्तर पर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित