पटना , मार्च 06 -- नशा मुक्त बिहार के संकल्प को जन- जन तक पहुंचाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिये प्रेरित करने के उद्देश्य से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की ओर से पटना मैराथन- 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

यह मैराथन रविवार, 15 मार्च 2026 को गांधी मैदान से प्रारंभ होगी।

मैराथन का शुभारंभ सुबह 3:00 बजे किया जायेगा। दौड़ का मार्ग गांधी मैदान से गंगा पथ और अटल पथ होते हुये शिवपुरी पथ तक निर्धारित किया गया है।

इस मैराथन में विभिन्न श्रेणियों की दौड़ आयोजित की जायेगी, जिनमें 42.2 किलोमीटर (फुल मैराथन), 21.1 किलोमीटर (हाफ मैराथन), 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की दौड़ शामिल है। अलग- अलग दूरी की दौड़ रखे जाने से हर आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकेंगे।

मैराथन के माध्यम से 'रन फॉर नशा मुक्त बिहार' का सशक्त संदेश दिया जायेगा। इसका उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को सकारात्मक, स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिये प्रेरित करना है।

इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों के भाग लेने की संभावना है। मैराथन के लिये ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुका है और इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित