लुधियाना , सितंबर 25 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने शुक्रवार को लुधियाना के डीएमसी हीरो हार्ट अस्पताल पहुंचकर 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के दौरान मानसा में सड़क हादसे में घायल भाजपा नेता विनोद काली का हाल जाना।
श्री ढिल्लों ने चिकित्सकों से मुलाकात कर काली के उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उन्हें हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने काली के परिजनों से भी मुलाकात की और उपचार में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
श्री ढिल्लों ने कहा कि विनोद काली यात्रा के दौरान पार्टी की जिम्मेदारियां निभाते हुए हादसे में घायल हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता और नेता की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने काली के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल समेत पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित