चंडीगढ़ , सितंबर 15 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केव ल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को फतेहगढ़ साहिब और तलवंडी साबो में पार्टी की प्रस्तावित 'नशा मुक्त पंजाब यात्राओं' की तैयारियों का जायजा लिया।

श्री ढिल्लों ने फतेहगढ़ साहिब की पुरानी अनाज मंडी और तलवंडी साबो की अनाज मंडी में प्रस्तावित सभाओं के स्थलों का निरीक्षण किया तथा पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले तीन महीने में नशा खत्म करने का दावा किया था, लेकिन इसके विपरीत पंजाब में नशे की समस्या और गंभीर हो गयी है। उन्होंने कहा कि नशे के बढ़ते प्रसार से युवाओं पर गंभीर असर पड़ा है और इससे गैंगस्टरवाद तथा कानून-व्यवस्था की चुनौतियां भी बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंजाब को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और इसी उद्देश्य से राज्य के विभिन्न हिस्सों में चार 'नशा मुक्त पंजाब यात्राएं' निकाली जायेंगी। इन यात्राओं के जरिए लोगों को नशे के खिलाफ लामबंद करने और इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि यात्राएं फतेहगढ़ साहिब के गुरुद्वारा ज्योति स्वरूप साहिब और तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब में अरदास के बाद शुरू होंगी। उन्होंने पंजाब के लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।

फतेहगढ़ साहिब में श्री ढिल्लों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित