जालंधर , अक्टूबर 30 -- पंजाब में नशों के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, राज्य मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू और राज्य पर्यवेक्षक असित कुमार ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। इसमें संगठन को मजबूत बनाने, आपसी तालमेल बढ़ाने और जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान तेज करने पर चर्चा की गई।

दोआबा जोन के प्रभारी अतिन अग्निहोत्री ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र में नशों की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों को गतिदेने और संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ अभियान को मजबूत करने के लिए वार्ड रक्षा समितियों और ग्राम रक्षा समितियों के सदस्य शहरों तथा गांवों में लोगों से सीधा संपर्क कर रहे हैं।

श्री अग्निहोत्री के अनुसार, ये समितियां लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ नशे की लत से बाहर निकलने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इसके अलावा नशे पर निर्भर लोगों के उपचार और पुनर्वास के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य को नशामुक्त और स्वस्थ बनाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास कर रही है। अग्निहोत्री ने दावा किया कि इन समितियों के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जालंधर जिले में भी नशों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे प्रयासों को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित