हनुमानगढ़ , जुलाई 04 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित चाणक्य क्लासेज में प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित '10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान' का शुभारंभ मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने किया।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और बड़ी संख्या में युवाओं ने शामिल होकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल कानून या सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक, परिवार, शैक्षणिक संस्थान और समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए इस अभियान को जनआंदोलन बनाने पर बल दिया। डाॅ यादव ने समाज में नैतिक मूल्यों, आत्मिक सशक्तीकरण और नशा मुक्ति के क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज के प्रयासों की सराहना भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित