श्रीगंगानगर , मार्च 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को नगर पालिका प्रशासन के सहयोग से नशा तस्कर विक्की वाल्मीकि द्वारा नगर पालिका की भूमि पर कब्जा करके बनाए गए मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मकान को पहले नगर पालिका के नोटिस पर विक्की ने खाली कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने जेसीबी मशीन से पूरे भूखंड को ध्वस्त कर दिया। अब इस भूखंड पर नगर पालिका का पूर्ण कब्जा हो गया है।
थाना प्रभारी मलकीतसिंह ने बताया कि विक्की वाल्मीकि शहर का कुख्यात नशा तस्कर है। उसके खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत करीब पांच मामले दर्ज हैं। उसके शहर में दो-तीन अन्य मकान भी हैं। जब पुलिस को पता चला कि विक्की ने नगर पालिका की बहुमूल्य जमीन पर अवैध कब्जा करके मकान बना रखा है, तो तुरंत नगर पालिका अधिकारियों से संपर्क किया गया। इसके बाद विक्की को निर्धारित अवधि में कब्जा हटाने का नोटिस जारी किया गया।
नोटिस मिलने के बाद विक्की और उसके परिवार ने मकान खाली कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित