चित्तौड़गढ़ , अगस्त 14 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले में गत जनवरी में पकड़ी गयी नशीली दवा कारखाने संचालक आरोपी आदतन तस्कर परिवार की चार करोड़ रुपए मूल्य की चल अचल सम्पत्ति शुक्रवार को पुलिस ने फ्रीज कर दी।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के ग्राम जीवा नायकों का खेड़ा निवासी जगदीश बंजारा, उसके पुत्रों अशोक एवं महेंद्र के लगातार नशा तस्करी में लिप्त रहने के चलते तस्करी से अर्जित की गयी सम्पत्तियों की सूची बनाकर दिल्ली स्थित प्राधिकरण को भेजी गयी जिसके अनुमोदन पर आज भारी पुलिस बल एवं राजस्व कार्मिकों के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा, वृत्ताधिकारी उदय सिंह और थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापति जीवा नायकों का खेड़ा पहुंचे और दुपहिया, चौपहिया वाहनों के अलावा कृषि आराजी को फ्रीज कर दिया।

उन्होंने बताया कि वाहनों को पुलिस अपने साथ ले गयी जबकि कृषि भूमि पर पुलिस ने अपने अधिकार के नोटिस बोर्ड लगा दिये। इससे पूर्व परिवार के सभी सदस्यों के बैंक खाते फ्रीज किये जा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित