चंडीगढ़ , जून 25 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर समाजसेवी संस्थाएं और राजनीतिक गलियारों में लगातार चिंता जताई जाती रही है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ के मलोया क्षेत्र में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मलोया थाना प्रभारी निरीक्षक बलदेव कुमार, क्षेत्र की पार्षद विमला देवी और उनके पति दिलावर सिंह ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। पार्षद और निरीक्षक कुमार ने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, क्योंकि नशा एक ऐसी बुराई है जो व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को भी तबाह कर देती है।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस समय-समय पर नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों को यह अवैध गतिविधि छोड़ देनी चाहिए, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मलोया क्षेत्र के लोगों का कहना है कि निरीक्षक कुमार के थाना प्रभारी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है। वे अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त रवैया अपनाते हैं, जिसके चलते क्षेत्र में उनका नाम चर्चा का विषय बना हुआ है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित