चमकौर साहिब/रोपड़ , नवंबर 1 -- पंजाब में नशे के खिलाफ युवाओं को लामबंद करने के उद्देश्य से रविवार को 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान के तहत चमकौर साहिब से रोपड़ तक बाइक रैली निकाली गई। बड़ी संख्या में युवाओं ने इसमें भाग लेकर नशामुक्त और स्वस्थ पंजाब के निर्माण का संकल्प दोहराया। चमकौर साहिब में विधायक डॉ. चरणजीत सिंह और हलका प्रभारी जसवीर सिंह गढ़ी ने रैली का स्वागत किया और इसकी अगुवाई की। इस दौरान युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पंजाब की तरक्की में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।
रोपड़ से आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश चड्ढा ने कहा कि पिछली सरकारों ने नशा तस्करों को संरक्षण दिया, जिसके कारण पंजाब में नशे की समस्या बढ़ी। इसके विपरीत भगवंत मान सरकार नशे के खिलाफ लगातार निर्णायक लड़ाई लड़ रही है और इसके परिणाम जमीन पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ-साथ खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान युवाओं की ऊर्जा को स्वस्थ, उत्पादक और प्रगतिशील भविष्य की दिशा में लगा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित