देहरादून , जुलाई 07 -- उत्तराखंड के समाज कल्याण विभाग निदेशक संजय कुमार ने मंगलवार को विभाग द्वारा देहरादून जिले के रायवाला में संचालित राजकीय नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान केंद्र में उपलब्ध उपचार, परामर्श, पुनर्वास, चिकित्सीय सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था तथा अभिलेखों के रखरखाव का गहन अवलोकन किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि नशामुक्ति उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं के लिए और प्रभावी बनाया जाय।
श्री कुमार ने केंद्र में भर्ती लाभार्थियों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, उपचार एवं पुनर्वास संबंधी अनुभवों की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक लाभार्थी को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसका प्रभाव परिवार एवं समाज पर भी पड़ता है। इसलिए नशा मुक्ति केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इन्हें उपचार के साथ-साथ प्रभावी परामर्श एवं पुनर्वास का भी केंद्र बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र में स्वच्छता, अनुशासन एवं मानकों के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
इस दौरान जीआर नौटियाल, विभागीय संयुक्त निदेशक कल्याण, वासुदेव आर्य उपनिदेशक, दीपांकर घिल्डियाल जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा डॉ. वैशाली केंद्र प्रभारी, राजकीय नशा मुक्ति केंद्र मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित