बारां , अगस्त 24 -- राजस्थान में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से बारां जेल में रक्षा बंधन एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान बी के रूपरेखा दीदी और बीके रेखा दीदी ने जेल में 385 बंदियों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराई और रक्षासूत्र बांधकर भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया।

बीके रेखा दीदी ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करता है। नशे की लत कई बार व्यक्ति को अपराध की ओर धकेल देती है, जिसके बाद उसे जीवनभर पछताना पड़ता है। उन्होंने बंदी भाइयों से नशे का त्याग करके स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संस्था की सुगना बाई एवं चंद्रभान भाई ने बताया कि रक्षा बंधन का पर्व परिवार में प्रेम, भाईचारे और सुरक्षा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर देता है। इसी भावना के साथ जेल में बंदियों को रक्षासूत्र बांधा गया और उन्हें नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान जेल के अधिकारी और अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित