हनुमानगढ़ , मई 28 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के लक्खूवाली गांव में नशाखोरी की बढ़ती समस्या के खिलाफ लबाना समाज द्वारा बुधवार को आयोजित महापंचायत पर हथियार लेकर आये असामाजिक तत्वों ने हमला करके कई लोगों को घायल कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्खूवाली और आसपास के 15 गांवों के लबाना समाज के लोगों ने समाज में तेजी से फैल रही नशाखोरी को रोकने के लिए महापंचायत बुलाई थी। लबाना समाज के बारह गांवों के अध्यक्ष जम्मे खां (43) ने बताया कि नशे के कारण परिवार बिखर रहे हैं, दांपत्य जीवन प्रभावित हो रहा है और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्या पर चर्चा के लिए बुधवार को सुबह आठ बजे लक्खूवाली में लबाना समाज के अध्यक्ष अदरीश खां के घर पर पंचायत आयोजित की गई थी। पंचायत में आसपास के गांवों से करीब 200 लोग शामिल हुए थे।

पंचायत शुरू होते ही जुम्मा नाई के हथियारबंद गुर्गों ने हमला कर दिया। हमलावर लाठी-डंडे, तलवार, गडासी और अन्य धारदार हथियारों से लैस थे। हमले में जम्मे खां के बेटे नदीम के सिर पर गंडासी से गंभीर चोट आई। कई अन्य लोग भी घायल हुए। हमलावरों ने जम्मे खां की गाड़ी के सभी शीशे तोड़ डाले और गाड़ी में रखे 50 हजार रुपए की नकदी भी लूट ली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों में से पांच लोगों को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने 10 से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित