धार , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की मनावर तहसील में स्वीकृत जवाहर नवोदय विद्यालय को तारापुर (धरमपुरी) स्थानांतरित किए जाने के विरोध में आज विधायक डॉ. हीरालाल अलावा के नेतृत्व में ग्राम डोंचा स्थित तहसील कार्यालय पर दो घंटे का सांकेतिक धरना दिया गया। इसके बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) प्रमोद सिंह गुर्जर को सौंपा गया।
धरना के दौरान डॉ. अलावा ने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से मनावर के हिस्से का शैक्षणिक संस्थान अन्यत्र स्थानांतरित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण और आदिवासी विद्यार्थियों के हित प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रधानमंत्री से लेकर धार कलेक्टर तक को पत्र भेजकर विद्यालय का निर्माण मनावर में ही कराने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से मनावर उपयुक्त स्थान है, जहां से कुक्षी, धरमपुरी, उमरबन, डही और गंधवानी सहित आसपास के क्षेत्रों की बेहतर सड़क और परिवहन सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में यहां नवोदय विद्यालय स्थापित होने से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
धरना में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर विद्यालय मनावर में ही स्थापित किए जाने की मांग का समर्थन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित