उज्जैन , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले के घट्टिया थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय नवोदय विद्यालय के दो लापता छात्रों के शव मंगलवार को डबरी से बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में दोनों की डूबने से मौत होना सामने आया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार केंद्रीय नवोदय विद्यालय के छात्र प्रज्ञान विमल (15) और रोशन बरेठा (14) सोमवार शाम से लापता थे। दोनों विद्यालय के समीप स्थित एक डबरी में नहाने के लिए गए थे, जहां हादसे का शिकार हो गए। बताया गया कि दोनों छात्र बिना किसी को बताए डबरी पर नहाने गए थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और विद्यालय प्रबंधन ने उनकी तलाश शुरू की तथा पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मंगलवार सुबह तलाशी अभियान चलाया, जिसमें पहले डबरी किनारे प्रज्ञान का शव मिला। इसके बाद डबरी में तलाश के दौरान रोशन का शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित