बारां , जुलाई 20 -- राजस्थान में बारां जिले के अटरू स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों ने छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रों ने विद्यालय प्रशासन पर लंबे समय से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए अपनी नाराजगी जताई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विद्यालय परिसर से बाहर निकलकर मुख्य सड़क मार्ग पर पहुंच गए और प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए छात्रावास में बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
छात्रों का कहना है कि छात्रावास में आवश्यक सुविधाओं के अभाव में उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से समस्याओं का शीघ्र समाधान करके छात्र हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और छात्रों को समझाकर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस मामले को लेकर विद्यालय प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित