मुंबई , अगस्त 30 -- महाराष्ट्र में नवी मुंबई के एमआईडीसी इलाके के राबाले में रविवार को स्पंज बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गयी।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि आग भूखंड नंबर 823 पर स्थित फैक्ट्री में लगी और तेज़ी से पूरे परिसर में फैल गयी, जिससे आसपास के इलाके में घना धुआं छा गया और औद्योगिक क्षेत्र में अफरातफरी मच गयी।शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री परिसर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कच्चा माल रखा हुआ था, माना जा रहा है कि इसी वजह से आग तेज़ी से फैली।

सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए सात से आठ दमकल गाड़ियों को लगाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित