उज्जैन , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन प्रवास के दौरान 134.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन प्रशासनिक संकुल भवन के निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से भवन की कार्ययोजना, निर्माण प्रगति और आगामी कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को प्रस्तावित निर्माण कार्यों एवं कार्ययोजना से अवगत कराया।
डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने तथा भवन में आवश्यक प्रशासनिक सुविधाओं का समुचित प्रावधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी संत उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित