भुवनेश्वर , अक्टूबर 05 -- बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने ओडिशा के जाजपुर जिले में धर्मशाला के पूर्व विधायक और पार्टी नेता प्रणब कुमार बलवंतराय पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि ओडिशा में कानून का शासन है या फिर 'गुंडाराज' चल रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में श्री पटनायक ने कहा कि बीजद की जन संपर्क पदयात्रा के दौरान जेनापुर पुलिस थाने के तहत आने वाले मधुपुरगढ़ में श्री बलवंतराय पर हुआ हमला 'बेहद निंदनीय' है। उन्होंने सवाल किया, "दिन-दहाड़े जनप्रतिनिधियों पर जानलेवा हमले किये जा रहे हैं, पुलिस खामोश है, सरकार खामोश है। क्या ओडिशा में गुंडाराज का राज चल रहा है?"श्री पटनायक ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अपराधियों को ऐसी 'हिम्मत' आखिर कौन दे रहा है? उन्होंने कहा, "पुलिस की मौजूदगी में ही जनप्रतिनिधियों पर जान से मारने की नीयत से हमले हो रहे हैं। अपराधियों को यह दुस्साहस कौन दे रहा है? ओडिशा में कानून का राज है या गुंडों का शासन? इस सरकार में जनप्रतिनिधि खुद असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और आम जनता की सुरक्षा खतरे में पड़ गयी है।"उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मशाला और राज्य के अन्य हिस्सों में ऐसी घटनाएं बार-बार दोहरायी जा रही हैं, लेकिन सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त और नजीर पेश करने वाली कार्रवाई करने में नाकाम रही है। श्री पटनायक ने पूछा, "सरकार आखिर क्या चाहती है? क्या वह एक शांत ओडिशा को अशांत बनाना चाहती है? सरकार ऐसे आपराधिक कृत्यों को सह क्यों दे रही है? आरोपियों पर कठोर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है?"बीजद अध्यक्ष ने कहा कि ओडिशा की जनता इन सभी घटनाक्रमों को देख रही है और हर एक बात का हिसाब रख रही है। उन्होंने कहा, "जनता इस तरह की अराजकता और कुशासन का मुंहतोड़ जवाब देगी।"यह बयान जाजपुर जिले के मधुपुरगढ़ में बीजेडी की जन संपर्क पदयात्रा के दौरान बलवंतराय और उनके समर्थकों पर हुए हमले के अगले दिन आया है। इस घटना में बलवंतराय बाल-बाल बच गये, जबकि उनके वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। इसके बाद श्री बलवंतराय ने जाजपुर के पुलिस अधीक्षक से शिकायत दर्ज करायी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला धर्मशाला के विधायक हिमांशु शेखर साहू के समर्थकों ने किया था। दूसरी ओर श्री साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस को पूरे मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करनी चाहिए।
जाजपुर के एसपी यशप्रताप श्रीमल ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित