जयपुर , अक्टूबर 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को मोबाइल के माध्यम से राजस्थान के दौसा में आयोजित भाजपा की जिला बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया जब सभा को संबोधित कर रहे थे, उस समय श्री नवीन ने उनके फोन के जरिए कार्यकर्ताओं से संवाद किया। श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में सात अक्टूबर को 25 साल पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर होने वाली संकल्प सभा और सेवा ज्योति कार्यक्रम में कार्यकर्ता अधिकतम सहभागी बनें। उन्होने कार्यकर्ताओं की सक्रियता के लिए उनका अभिनन्दन भी किया।
भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चला रही है इसी दौरान सात अक्टूबर को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होंगे। उस दिन जिलों में संकल्प सभा और सेवा ज्योति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
अभियान के तहत 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक विविध प्रकल्पों के माध्यम से आमजन तक मोदी की जनहितैषी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आशीर्वाद का एक दिया से हुई शुरूआत के बाद मेरे सपनों का भारत, चित्र सेवा, नमो सेवा, अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित