नयी दिल्ली , सितंबर 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार में बाढ़ के हालात पर चिंता व्यक्त की है और राज्यसभा सांसद के तौर पर मिलने वाले अपने तीन महीने की वेतन राशि 6,35,000 रुपये को मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर दी है।
श्री नवीन ने बाढ़ की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की त्वरित कार्रवाई, केंद्र के सहयोग और अपने व्यक्तिगत अंशदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को वित्तीय सहायता, राहत शिविरों और फसल क्षति के आकलन के ज़रिए हर संभव मदद पहुँचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस संकट में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में बाढ़ की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और सरकार प्रभावित लोगों तक समय पर राहत और आवश्यक सहायता पहुँचाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बाढ़ से प्रभावित परिवारों को 7,000 रुपये प्रति परिवार के हिसाब से कुल 550 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित