उज्जैन , जून 24 -- सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत शिप्रा नदी पर निर्मित किए जा रहे नवीन घाटों से जुड़ने वाले पहुंच मार्गों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने दिए हैं।

संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने आज सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत त्रिवेणी क्षेत्र स्थित शनि मंदिर के सामने शिप्रा नदी पर निर्माणाधीन नवीन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने शक्करवासा क्षेत्र में निर्माणाधीन घाट तथा वहां तक पहुंच मार्ग के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ महापर्व के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं को सुविधाजनक ढंग से स्नान की व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए पहुंच मार्गों की समग्र योजना तैयार की जाए।

निरीक्षण के दौरान त्रिवेणी पुल के नीचे निर्माणाधीन पुलिया कार्य का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिया निर्माण पूर्ण होने से वर्षाकाल में जलभराव के कारण मार्ग अवरुद्ध नहीं होगा और आवागमन सुचारु बना रहेगा।

संभागायुक्त ने शक्करवासा से देवास रोड स्थित हामूखेड़ी मार्ग को जोड़ने संबंधी कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए, ताकि सिंहस्थ के दौरान यातायात और भीड़ प्रबंधन बेहतर ढंग से किया जा सके। उन्होंने कहा कि घाटों तक पहुंच मार्ग ऐसे विकसित किए जाएं जिससे श्रद्धालुओं को अधिक दूरी तय न करनी पड़े और उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित