पटना , मई 11 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ) के निर्माण से राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगी तथा लोगों को ट्रैफिक जाम और जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी।
बिहार नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना स्मार्ट सिटी मिशन परियोजना के अंतर्गत भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक स्व.नवीन किशोर सिन्हा की जयंती पर "नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ)" का लोकार्पण कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस पथ का लोकार्पण किया।
श्री सरावगी इस अवसर पर कहा कि यह पथ आयकर गोलंबर को बांस घाट एवं जेपी गंगा पथ से जोड़ते हुए पटनावासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से आसपास के क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, छोटे दुकानदारों और स्थानीय व्यवसायों को मजबूती मिलेगी तथा रियल एस्टेट विकास को भी गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि यह सड़क शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी और आवागमन का समय कम करेगी। खासकर कार्यालय जाने वाले लोगों, छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
श्री सरावगी ने कहा कि मंदिरी नाला पथ का उद्घाटन बिहार में तेजी से हो रहे आधारभूत संरचना विकास का एक और मजबूत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में बिहार सड़क, पुल, ड्रेनेज और शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को आधुनिक आधारभूत संरचना और बेहतर शहरी सुविधाओं से सशक्त बनाना है तथा राज्य के हर शहर और गांव तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाना भाजपा का संकल्प है।
इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुमार कुशवाहा सहित अन्य गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित