नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने सोमवार को विशेष अभियान 6.0 के तहत मंत्रालय के कार्यालयों में स्वच्छता की स्थिति और लंबित फाइलों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत रूप देना और लंबित मामलों को कम करना है। इस क्रम में मंत्रालय के निदेशक आदित्य प्रताप सिंह ने अवर सचिव रजत यादव के साथ आज अटल अक्षय ऊर्जा भवन में मंत्रालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालयों में साफ-सफाई, कार्यस्थलों के व्यवस्थित रखरखाव और उपलब्ध स्थान के उचित उपयोग का जायजा लिया। इसके साथ ही लंबित फाइलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण और मामलों के शीघ्र निपटारे पर जोर दिया गया। मंत्रालय ने नियमित निगरानी, प्रभावी फाइल प्रबंधन और अभियान के लक्ष्यों को हासिल करने में अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित