रायपुर , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ में भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत एकीकृत बहु-क्षेत्रीय औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। नवा रायपुर अटल नगर में करीब 406.72 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित इस औद्योगिक पार्क का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जाएगा।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समिति की बैठक हुई। इसमें छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीआरडीए) की ओर से प्रस्तावित बहु-क्षेत्रीय औद्योगिक पार्क पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट, मास्टर प्लान, भूमि की उपलब्धता, जरूरी अधोसंरचना, परियोजना लागत, वित्तीय व्यवस्था और भव्य की संचालन दिशानिर्देश से संबंधित जानकारी समिति के समक्ष रखी गई। विचार-विमर्श के बाद समिति ने परियोजना प्रस्ताव को भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के समक्ष भेजने की मंजूरी दी।

सीआरडीए ने नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर में लगभग 406.72 एकड़ क्षेत्र में इस औद्योगिक पार्क को विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। यहां विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

राज्य स्तरीय समिति से अनुमोदन मिलने के बाद अब सीआरडीए निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव को डीपीआईआईटी के समक्ष प्रस्तुत करेगा। केंद्र सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के अगले चरण की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित