रायपुर , सितंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (एनएमआईएमएस) का कैंपस स्थापित किया जाएगा। इसके लिए सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में मंगलवार को संस्थान के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार एनएमआईएमएस का संचालन करने वाले विले पार्ले केलवणी मंडल (एसवीकेएम) को यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
संस्थान की स्थापना की पूरी प्रक्रिया आगामी सात वर्षों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने की योजना है। कैंपस के पूर्ण रूप से विकसित होने पर यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों का रुख न करना पड़े। उन्हें प्रदेश में ही देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है।
एनएमआईएमएस के प्रस्तावित कैंपस में विद्यार्थियों को प्रबंधन, कौशल विकास तथा आधुनिक और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में अध्ययन के अवसर मिलने की उम्मीद है। संस्थान की स्थापना से कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं विकसित होने की संभावना है।
राज्य सरकार के अनुसार राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान की मौजूदगी से अकादमिक और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच सहयोग बढ़ने के साथ उद्योगों की जरूरत के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी। देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के आने से नवा रायपुर में शैक्षणिक गतिविधियों का भी विस्तार होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित