रायपुर , अक्टूबर 16 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर में यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की प्रस्तावित औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया। इस परियोजना में 150 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा, जिससे साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

इस अवसर पर श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता केवल औद्योगिक निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से नई औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 में श्रम आधारित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित इकाई में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के लिए उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इससे नवा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्री साय ने बताया कि नई औद्योगिक नीति के तहत वस्त्र, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, औषधि निर्माण सहित अधिक रोजगार देने वाले क्षेत्रों में निवेश को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश को अब तक साढ़े आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार इन प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने के लिए आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों की स्थापना और संचालन की प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए कई सुधार किए गए हैं। जन विश्वास से जुड़े सुधारों के अंतर्गत 279 प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने की पहल की गई है। इसके अतिरिक्त विभिन्न अनुमतियों और स्वीकृतियों की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं सरल बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास, कौशल उन्नयन और आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य की नयी औद्योगिक नीति में निवेश की राशि के साथ उससे सृजित होने वाले रोजगार को भी महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। उन्होंने बताया कि उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए अनुदान संबंधी बजटीय प्रावधान लगभग 200 करोड़ रुपये से बढ़ाकर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक किया गया है।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में तीन हजार से अधिक छोटे-बड़े उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि आगामी औद्योगिक परियोजनाओं से डेढ़ लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।

यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ए.एन. रविचंद्रन ने प्रस्तावित इकाई की उत्पादन योजनाओं और रोजगार संबंधी संभावनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, यश ग्रुप के अध्यक्ष रितेश नरेडी, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित