रायपुर , नवंबर 01 -- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायुसेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम ने रोमांचकारी हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल होकर वायुसेना के जवानों के साहस, अनुशासन और उड़ान कौशल की सराहना की।
इस दौरान भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने विभिन्न साहसिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी परिचालन क्षमता और उत्कृष्ट समन्वय का प्रदर्शन किया। आसमान में पांच हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतबों ने उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन भारतीय वायुसेना के उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण हवाई करतबों को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए पायलटों के बीच सटीक तालमेल, एकाग्रता और आपसी विश्वास आवश्यक होता है। टीम का यह प्रदर्शन विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है और यह टीम भारतीय वायुसेना की गरिमा, उत्कृष्टता तथा अनुशासन का प्रतीक है। सामूहिक प्रयास, समर्पण और विश्वास के माध्यम से कठिन लक्ष्यों को भी हासिल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के साहसिक प्रदर्शन से हुई। टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे उतरकर विशेष अभियान और बचाव कार्य से संबंधित अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
हवाई प्रदर्शन का प्रमुख आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों की प्रस्तुति रही। पायलटों ने विभिन्न फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। विशेष रूप से हेलीकॉप्टरों के एक-दूसरे के नजदीक से गुजरने वाले 'क्रॉसओवर' करतब ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। इस उद्घोष पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में 'वंदे मातरम्' गीत के बीच सारंग टीम ने तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन प्रस्तुत की, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
उल्लेखनीय है कि सारंग भारतीय वायुसेना की पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। यह टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित विभिन्न देशों में अपने हवाई कौशल का प्रदर्शन कर चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित