रायपुर , नवंबर 02 -- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को नवा रायपुर के सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायुसेना के सारंग एयर शो में हेलीकॉप्टरों के रोमांचकारी करतबों, आकाशगंगा टीम की स्काईडाइविंग और गरुड़ कमांडोज के साहसिक प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने शामिल होकर वायुसेना के जवानों के शौर्य, अनुशासन और उड़ान कौशल की सराहना की।
एयर शो में ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में विभिन्न फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए। हेलीकॉप्टरों के एक-दूसरे के करीब से गुजरने और अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरकर पुनः निर्धारित फॉर्मेशन में लौटने के प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विशेष रूप से क्रॉसओवर करतब आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के साहसिक प्रदर्शन से हुई। टीम के सदस्यों ने आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने आठ हजार फुट की ऊंचाई से पैराशूट लैंडिंग तथा एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे उतरने का प्रदर्शन किया। कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन के जरिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी परिचालन दक्षता का परिचय दिया।
राज्यपाल डेका ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टरों के बीच सटीक तालमेल और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पायलटों का नियंत्रण अनुशासन, आपसी विश्वास तथा सामूहिक प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है और यह टीम भारतीय वायुसेना की विशिष्ट पहचान बन चुकी है। ऐसे प्रदर्शन युवाओं को साहस, समर्पण और टीम भावना के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देते हैं। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
एयर शो के दौरान एक विशेष क्षण उस समय देखने को मिला, जब सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। इस उद्घोष पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में 'वंदे मातरम्' गीत के बीच सारंग टीम ने तिरंगे के रंगों की आकर्षक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। हेलीकॉप्टरों के समन्वित प्रदर्शन और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर देशभक्ति के वातावरण में डूब गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित